यश कॉलेज बदनावर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम।
बदनावर में माय भारत ने मनाई पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती, युवाओं को दिया एकात्म मानववाद का संदेश
सेवा पखवाड़ा के तहत यश कॉलेज में विद्यार्थियों ने चलाया स्वच्छता अभियान, श्रमदान कर ली स्वच्छता की शपथ
धार, 26 सितंबर 2026। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) के तत्वावधान में बदनावर स्थित यश कॉलेज में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयंती मनाई गई। कार्यक्रम में युवाओं को उनके जीवन मूल्यों, सादगी, देशभक्ति और सेवा भाव से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र निर्माण, सामाजिक कर्तव्यबोध और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम जिला युवा अधिकारी दीर्घा राजावत के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों पर हुई चर्चा
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता धनंजय वैष्णव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन और विचारों पर प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्म 25 सितंबर 1916 को उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के नगला चंद्रभान में हुआ था। उनका जीवन राष्ट्रहित और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के कल्याण के लिए समर्पित रहा।
धनंजय वैष्णव ने उनके द्वारा प्रतिपादित ‘एकात्म मानववाद’ के सिद्धांत के बारे में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह विचार आज के समय में भी प्रासंगिक है और युवाओं को दिशा देने का कार्य करता है।
कॉलेज परिसर में चलाया स्वच्छता अभियान
जयंती समारोह के बाद ‘सेवा पखवाड़ा’ के अंतर्गत यश कॉलेज परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों और युवाओं ने परिसर में सफाई कर श्रमदान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों और युवाओं को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की शपथ भी दिलाई गई।
स्वच्छता अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों और वॉलिंटियर्स ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
माय भारत के वॉलिंटियर्स रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान माय भारत (MY Bharat) ब्लॉक बदनावर के वॉलिंटियर्स विनीता प्रजापत और विशाल पाटीदार विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग किया।
रिपोर्टिंग: आनंद अग्निहोत्री





































































































