लुन्हेरा फाटा और मांगोद क्षेत्र में पिकअप वाहनों की सघन जांच
पिकअप वाहनों की सघन जांच, 18 पर कार्रवाई; 4 वाहन जब्त
नियम विरुद्ध संचालन पर 15,500 रुपए का जुर्माना वसूला, अधिक सवारी बैठाने वाले चालकों पर लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई
धार, 29 सितंबर 2026। कलेक्टर राजीव रंजन मीना और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देश पर परिवहन विभाग एवं यातायात विभाग ने संयुक्त रूप से विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान पिकअप वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाने सहित यातायात और परिवहन नियमों के उल्लंघन की सघन जांच की गई।
29 सितंबर को लुन्हेरा फाटा और मांगोद क्षेत्र में पिकअप वाहनों की जांच की गई। इस दौरान अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी हृदेश यादव, यातायात थाना प्रभारी प्रेमसिंह ठाकुर, यातायात रक्षित निरीक्षक राहुल सिंह चन्देले, परिवहन उप निरीक्षक दिव्या पाटीदार सहित विभागीय टीम मौजूद रही।
18 पिकअप वाहनों पर कार्रवाई
जांच के दौरान कुल 18 पिकअप वाहन नियम विरुद्ध संचालित पाए गए। इन वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल 15 हजार 500 रुपए का जुर्माना वसूला गया।
कार्रवाई के दौरान 3 पिकअप वाहन अमझेरा थाने में और 1 वाहन परिवहन कार्यालय परिसर में निराकरण की प्रत्याशा में जब्त कर खड़ा कराया गया।
अधिक सवारी बैठाने वाले चालकों पर कार्रवाई
जांच में जिन पिकअप वाहनों में निर्धारित पात्रता से अधिक सवारी पाई गई, उनके चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की जा रही है।
परिवहन एवं यातायात विभाग की टीम ने वाहन चालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने और परिवहन नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
नियम तोड़ने पर पंजीयन निलंबन की चेतावनी
अधिकारियों ने वाहन चालकों को स्पष्ट हिदायत दी कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन दोहराए जाने पर संबंधित वाहन के पंजीयन के निलंबन अथवा निरस्तीकरण की कार्रवाई भी की जा सकती है।
विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की जांच कार्रवाई निरंतर जारी रखने की बात कही गई है।





































































































