अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर धार में विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित
धार, 1 अक्टूबर 2026। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय धार के ट्रामा सेंटर स्थित एनसीडी कक्ष में वृद्धजनों के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में वृद्धजनों ने सहभागिता कर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की थीम “दीर्घायु का युगः लम्बे जीवन के लिए व्यवस्थाओं का पुनर्विचार” रही।
वृद्धजनों की स्वास्थ्य जांच और स्क्रीनिंग
शिविर में वृद्धजनों के स्वास्थ्य की व्यापक जांच और स्क्रीनिंग की गई। इसमें रक्तचाप, ब्लड शुगर, अस्थमा, हृदय रोग, लकवा, नेत्र एवं मोतियाबिंद, मानसिक स्वास्थ्य तथा बधिरता संबंधी जांच शामिल रही।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने वृद्धजनों को आवश्यक परीक्षण, उपचार और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी प्रदान किया।
समय पर जांच और उपचार पर जोर
शिविर के माध्यम से वृद्धजनों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए प्रेरित किया गया।
चिकित्सकों ने बताया कि वृद्धावस्था में होने वाले रोगों की समय पर पहचान और उपचार से स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं को कम किया जा सकता है। नियमित स्वास्थ्य जांच से बीमारियों की पहचान समय पर होने में मदद मिलती है।
स्वास्थ्यकर्मियों ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
शिविर के सफल आयोजन में सिविल सर्जन डॉ. मुकुंद बर्मन, आरएमओ डॉ. संजय जोशी, अस्पताल प्रबंधक डॉ. भावसार, फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. कीर्ति बघेल, डॉ. श्रुति पटेल, डॉ. मनीष मोदी, डॉ. हिमांशु बरमंडल, डॉ. मोहन जमरा, नर्सिंग ऑफिसर मनीषा हिलाल, सुनील कुशवाह और यशोदा पटेल सहित चिकित्सकीय एवं स्वास्थ्यकर्मी दल का सहयोग रहा।
परिवारजनों से देखभाल और सम्मान की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने संदेश दिया कि वृद्धजनों के स्वास्थ्य की नियमित जांच, रोगों की समय पर पहचान और उपचार बेहद महत्वपूर्ण है। परिवारजनों से भी वृद्धजनों के स्वास्थ्य, देखभाल और सम्मान के प्रति संवेदनशील रहने तथा उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सहयोग करने की अपील की गई।
रिपोर्टिंग: आनंद अग्निहोत्री





































































































