दसई में मंगलसूत्र झपटमारी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
दसई में महिला से मंगलसूत्र झपटने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, सोने का पेंडल और 14 मोती बरामद
दसई। दसई में महिला के गले से मंगलसूत्र झपटकर फरार हुए दो आरोपियों को अमझेरा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के मंगलसूत्र का करीब 6 ग्राम वजन का पेंडल और 14 मोती बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों से अन्य आपराधिक वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
महिला के गले से झपटा था मंगलसूत्र
पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त 2026 को सीमाबाई पति माधव पाटीदार, उम्र 45 वर्ष, निवासी नीम चौक, दसई, शाम करीब 7:40 बजे खाना खाने के बाद टहल रही थीं। इसी दौरान मांगोद-दसई रोड पर काका व्यास पेट्रोल पंप के पास स्पीड ब्रेकर से थोड़ा आगे दो अज्ञात बदमाशों ने उनके गले पर झपट्टा मारकर करीब एक तोला वजन का सोने का मंगलसूत्र तोड़ लिया।
वारदात के बाद दोनों बदमाश मोटरसाइकिल से दसई की ओर फरार हो गए। फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना अमझेरा में अपराध क्रमांक 281/2026, धारा 304(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सरदारपुर विश्वदीपसिंह परिहार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई। थाना प्रभारी राजू मकवाना के नेतृत्व में टीम द्वारा लगातार आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
24 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास पिता कैलाश खराड़ी, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम अहमद (बोला) और कृष्णा पिता जंगलसिंह मुनिया, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम बड़वेली के रूप में हुई है।
सोने का पेंडल और 14 मोती बरामद
पुलिस के अनुसार, आरोपी विकास के कब्जे से सोने के मंगलसूत्र का करीब 6 ग्राम वजन का पेंडल बरामद किया गया। वहीं आरोपी कृष्णा मुनिया के कब्जे से सोने के मंगलसूत्र के 14 मोती जब्त किए गए।
पुलिस दोनों आरोपियों से अन्य आपराधिक वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
कार्रवाई में उनि. दिनेशसिंह यादव, प्रआर. 730 मेहरबानसिंह गुर्जर, प्रआर. 262 मन्नुसिंह भूरिया, प्रआर. 809 अमित पाठक, प्रआर. 34 भारतसिंह बामनिया, आर. 403 रमेश भौसले तथा साइबर आरक्षक प्रशांत और महेश सोलंकी का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस टीम के कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक धार द्वारा उचित ईनाम देने की घोषणा की गई है।





































































































