नागदा मंडी प्रांगण में सेवा संकल्प अभियान के तहत पहुंची सेवा यात्रा के स्वागत और हितग्राही सम्मेलन का आयोजन।
नागदा में सेवा यात्रा का स्वागत, हितग्राही सम्मेलन में योजनाओं के लाभार्थियों से किया संवाद
धार, 1 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वाराणसी से वड़नगर तक निकाली जा रही सेवा यात्रा का नागदा में स्वागत किया गया। इस अवसर पर मंडी प्रांगण नागदा में हितग्राही सम्मेलन एवं सेवा यात्रा के स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर थीं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए सभी को कदम से कदम मिलाकर प्रधानमंत्री के साथ चलना होगा।
उन्होंने कहा कि महिलाओं और युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों के साथ नवोदय विद्यालय, अस्पताल, हॉस्टल, चिकित्सा सुविधाओं सहित रेल और मेगा मित्र पार्क जैसी सौगातों से क्षेत्र को मजबूती मिली है। उन्होंने प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत वाराणसी से वड़नगर तक निकाली जा रही सेवा यात्रा के स्वागत को गौरव का अवसर बताया।
दीप प्रज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुई।
अतिथियों और बाइक यात्रा में शामिल यात्रियों का भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पुष्पमाला और दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।
दत्तीगांव ने युवाओं की यात्रा को बताया प्रशंसनीय
पूर्व मंत्री राजवर्धनसिंह दत्तीगांव ने कहा कि युवाओं ने प्रधानमंत्री के संदेश और सेवा संकल्प को सेवा यात्रा के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने यात्रा के लिए युवाओं के प्रयास को प्रशंसनीय बताया।
रूट यात्रा प्रभारी शशांक शर्मा ने सेवा यात्रा के संबंध में अपने विचार साझा किए। उन्होंने प्रधानमंत्री के राष्ट्रहित में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए यात्रा के दौरान आमजन से हुए संवाद की जानकारी दी।
हितग्राहियों ने साझा किए योजनाओं के अनुभव
कार्यक्रम के दौरान शासन की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से भी संवाद किया गया। संगीता परमार, भगवानदास और दिलीपसिंह ने योजनाओं से मिले लाभ और अपने अनुभव साझा किए।
भाजपा जिला अध्यक्ष निलेश भारती ने कहा कि यह यात्रा राष्ट्रीय चेतना का तेज है और देश को मजबूती के साथ आगे ले जाएगी।
ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर किया स्वागत
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नागदा पहुंची बाइक यात्रा का ग्रामीणों ने विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
कार्यक्रम में एसडीएम बदनावर, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जनपद सीईओ, राजस्व निरीक्षक, सचिव, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में की पूजा-अर्चना
कार्यक्रम से पहले केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने मंडी प्रांगण स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान नर्मदेश्वर के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की।
कार्यक्रम का संचालन युवा मोर्चा के कुलदीप जाट ने किया। आभार मंडल अध्यक्ष दिलीपसिंह सोलंकी ने माना। अंत में उपस्थित जनसमुदाय ने राष्ट्रगान गाया।
रिपोर्टिंग: आनंद अग्निहोत्री




































































































