धार वृद्धाश्रम में नई सुविधाओं का लोकार्पण, वृद्धजन कल्याण के लिए प्रतिबद्धता जताई
धार, 1 अक्टूबर 2026। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर स्थानीय श्रद्धालय वृद्धाश्रम में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने वृद्धजनों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया।
इस दौरान डे केयर सेंटर, ओपन जिम, सोलर लाइट सिस्टम तथा कार्यालय केंद्रित सूचना-संवाद सेवा सहित विभिन्न सुविधाओं का लोकार्पण किया गया।
वृद्धाश्रम में किए जा रहे नवाचार सराहनीय
केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि धार के श्रद्धालय वृद्धाश्रम में किए जा रहे नवाचार सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि आदर्श स्थिति यह है कि वृद्धजनों को वृद्धाश्रम में रहने की आवश्यकता न पड़े, लेकिन बदलती सामाजिक परिस्थितियों और छोटे परिवारों के कारण ऐसी परिस्थितियां निर्मित हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि वृद्धजन घर, परिवार और समाज की सामर्थ्य हैं। परिवार में संस्कार, अनुभव और आपसी जुड़ाव बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
सावित्री ठाकुर ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित अटल वयो अभ्युदय योजना के माध्यम से वृद्धजनों के अधिकारों और कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
वृद्धजनों के लिए बेहतर सुविधाओं पर जोर
विधायक नीना वर्मा ने कहा कि श्रद्धालय वृद्धाश्रम का संचालन अच्छे ढंग से किया जा रहा है। वर्तमान समय में कई वृद्धजन एकाकी जीवन जीने के लिए मजबूर हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे वृद्धजनों के लिए धार में बेहतर और स्तरीय सुविधाओं से युक्त स्थान उपलब्ध होना चाहिए, विशेषकर उन माता-पिता के लिए जिनके बच्चे विदेश या अन्य स्थानों पर रहते हैं।
स्वास्थ्य और सक्रिय जीवनशैली पर ध्यान
कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने कहा कि वृद्धजन सक्रिय बने रहें और अपनी सामर्थ्य के अनुरूप कार्य करते रहें। उन्होंने स्वास्थ्य और दैनिक जीवन का स्वयं ध्यान रखने की बात कही।
कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास रहेगा कि वृद्धजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों और उनके साथ निरंतर संवाद एवं संपर्क बना रहे।
कानूनी अधिकारों की दी जा रही जानकारी
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं न्यायाधीश प्रदीप सोनी ने कहा कि श्रद्धालय वृद्धाश्रम में वृद्धजनों को उनके कानूनी अधिकारों के संबंध में नियमित रूप से जानकारी दी जाती है।
उन्होंने कहा कि वृद्धजनों को उनके अधिकारों और उपलब्ध विधिक सहायता के प्रति जागरूक करना भी महत्वपूर्ण है।
नई सुविधाओं से वृद्धजनों को मिलेगा लाभ
कार्यक्रम के दौरान डे केयर सेंटर, ओपन जिम, सोलर लाइट सिस्टम तथा कार्यालय केंद्रित सूचना-संवाद सेवा सहित विभिन्न सुविधाओं का लोकार्पण किया गया।
इन सुविधाओं से वृद्धजनों को बेहतर वातावरण, स्वास्थ्य और मनोरंजन की सुविधाएं मिलने के साथ आवश्यक सूचना एवं संवाद सेवाओं का लाभ मिलेगा।
सेवाभावी कर्मचारियों और वृद्धजनों का सम्मान
कार्यक्रम की शुरुआत आँचल जाट द्वारा प्रस्तुत ‘इतनी शक्ति हमें देना दाता’ प्रार्थना से हुई। इस अवसर पर सेवाभावी कर्मचारियों और वृद्धजनों का सम्मान किया गया।
वयोवृद्ध समाजसेवी बबनदास अग्रवाल, डॉ. श्रीकांत द्विवेदी, भरतलाल पाटीदार, शंकरलाल वर्मा और कामता प्रसाद निगम को सम्मान-पत्र एवं शाल भेंट कर सम्मानित किया गया।
श्रद्धालय की गतिविधियों की दी जानकारी
संस्था के संस्थापक डॉ. दीपेंद्र शर्मा ने श्रद्धालय वृद्धाश्रम की गतिविधियों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग दिनेश वर्मा ने आभार व्यक्त किया। आयोजन में बड़ी संख्या में युवा और वृद्धजन उपस्थित रहे। अतिथियों ने वृद्धजनों के साथ भोजन भी किया।




































































































