आंगनवाड़ी केन्द्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ का शुभारंभ, सावित्री ठाकुर और नीना वर्मा रहीं मौजूद
आंगनवाड़ी केन्द्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ का शुभारंभ, सावित्री ठाकुर और नीना वर्मा रहीं मौजूद
धार, 25 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशानुसार जिले के आंगनवाड़ी केन्द्रों में तीन दिवसीय ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम शुरू किया गया। इसका मुख्य कार्यक्रम धामनोद के वार्ड क्रमांक-6 स्थित आंगनवाड़ी केन्द्र में केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर की उपस्थिति में आयोजित हुआ। वहीं धार विधानसभा क्षेत्र में विधायक नीना विक्रम वर्मा की उपस्थिति में भी आंगनवाड़ी केन्द्र पर कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी केन्द्रों को सेवा, पोषण, सीखने, सहभागिता और सम्मान से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से सक्रिय बनाने पर जोर दिया गया।
आंगनवाड़ी केन्द्रों की भूमिका पर सावित्री ठाकुर ने रखी बात
सावित्री ठाकुर ने कहा कि ‘आंगन मिलन सेवा’ का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक आंगनवाड़ी केन्द्र को सेवा, पोषण, सीखने, सहभागिता और सम्मान के उत्सव के रूप में सक्रिय करना है।
उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केन्द्र स्थानीय स्तर पर आंगनवाड़ी सेवाओं, पोषण जागरूकता तथा मातृ एवं शिशु कल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उन्होंने महिला सशक्तिकरण से जुड़े प्रयासों और मध्यप्रदेश शासन द्वारा महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं का भी उल्लेख किया।
नीना वर्मा ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के कार्यों की सराहना की
विधायक नीना वर्मा ने सेवा संकल्प अभियान और ‘आंगन मिलन सेवा’ के बारे में जानकारी दी। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए केन्द्रों की सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने और उनकी आवश्यकताओं पर ध्यान देने की बात कही।
उन्होंने सेवा कार्यों में लगातार सक्रिय सहभागिता का आह्वान करते हुए विधायक निधि से 5-5 हजार रुपये की राशि देने की घोषणा की।
बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण और माताओं से संवाद
कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी केन्द्रों पर अतिथियों द्वारा वृक्षारोपण किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेशों का प्रदर्शन भी किया गया।
3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए स्कूल पूर्व गतिविधियां आयोजित की गईं। इसके साथ ही माताओं और महिलाओं से संवाद किया गया। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों को फल और मिठाई वितरित की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में बच्चे, महिलाएं, जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
जिले के 3863 आंगनवाड़ी केन्द्रों में होगा आयोजन
जिला कार्यक्रम अधिकारी रामनिवास बघेलिया ने बताया कि ‘आंगन मिलन सेवा’ सेवा संकल्प अभियान का एक महत्वपूर्ण अंग है। जिले के सभी 3863 आंगनवाड़ी केन्द्रों में यह कार्यक्रम अलग-अलग दिवसों में लगातार तीन दिनों तक आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के पहले दिन ‘बाल स्वास्थ्य एवं आनंदमयी गतिविधियां’, दूसरे दिन ‘मातृ स्वास्थ्य एवं पोषण संवाद’ और तीसरे दिन ‘मेरी कहानी, मेरी सफलता’ विषय पर गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
माताओं और महिलाओं से संवाद के साथ पोषण प्रदर्शनी
कार्यक्रम के दौरान माताओं और महिलाओं से संवाद, बच्चों तथा गर्भवती और धात्री महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण और महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से संवाद किया जाएगा।
इसके साथ ही आंगनवाड़ी केन्द्रों पर वृक्षारोपण और पोषण प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम के समापन अवसर पर बच्चों को फल और मिठाई वितरित की जाएगी।
‘आंगन मिलन सेवा’ के माध्यम से आंगनवाड़ी केन्द्रों में समुदाय की सहभागिता बढ़ाने, पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित करने तथा विभागीय योजनाओं का लाभ हितग्राहियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
रिपोर्टिंग: आनंद अग्निहोत्री




































































































