धरमपुरी में जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित जिला स्तरीय शिविर में हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ और युवाओं को ऑफर लेटर प्रदान किए गए।
धरमपुरी में जन विश्वास अभियान का जिला स्तरीय शिविर, 21 युवाओं को मिले रोजगार के ऑफर लेटर
विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को मिला लाभ, सात स्व-सहायता समूहों को 46 लाख रुपये के चेक और पात्र विद्यार्थियों को बांटी साइकिल
धार, 26 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत धरमपुरी में जिला स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में धरमपुरी विधायक कालूसिंह ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने अध्यक्षता की।
शिविर में आमजन को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही नागरिकों से प्राप्त आवेदनों और समस्याओं का मौके पर निराकरण किया गया। विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ और स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए।
योजनाओं की जानकारी देकर समयबद्ध लाभ पहुंचाने पर जोर
विधायक कालूसिंह ठाकुर ने कहा कि शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक शासन की योजनाओं का लाभ सहजता से पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर मिले, इसके लिए ऐसे शिविर महत्वपूर्ण हैं।
कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने नागरिकों और हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, पीएमएफएमई, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, लाड़ली बहना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, कृषि यंत्रीकरण एवं अनुदान योजनाओं तथा छात्रवृत्ति और निःशुल्क साइकिल वितरण योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी।
कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के पात्र व्यक्ति तक पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए शिविरों के माध्यम से आवेदनों और समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है।
इस दौरान कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने स्वयं भी अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
हितग्राहियों को वितरित किए हितलाभ और स्वीकृति पत्र
शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ और स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
स्कूल शिक्षा विभाग की निःशुल्क साइकिल वितरण योजना के पात्र विद्यार्थियों को साइकिल वितरित की गई। मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत सात स्व-सहायता समूहों की दीदियों को सशक्तिकरण और व्यवसाय संवर्धन के लिए कुल 46 लाख रुपये की राशि के चेक दिए गए।
कृषि यंत्रीकरण योजना के अंतर्गत हितग्राही विवेक पाटीदार को 20 हॉर्स पावर का ट्रैक्टर प्रदान किया गया।
पीएमएफएमई योजना के अंतर्गत लोहारी निवासी प्रफुल्ल पाटीदार को सूक्ष्म खाद्य उद्यम स्थापित करने के लिए 25 लाख 99 हजार 640 रुपये का ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत पथ विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सुशीलाबाई सोएरे, सारिका सिमले, लक्ष्मीबाई किशोर और जेनाब खान को 50-50 हजार रुपये के ऋण चेक वितरित किए गए।
महिला एवं बाल विकास विभाग की लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत छह पात्र बालिकाओं को स्वीकृति पत्र और हितलाभ प्रदान किए गए। क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं समर्पित सेवाओं के लिए चार आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत स्वरोजगार स्थापना के लिए राहुल वर्मा और भारती भालके को दो-दो लाख रुपये तथा राजकुमार पटवा को तीन लाख रुपये के ऋण स्वीकृति आदेश प्रदान किए गए। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड भी दिए गए।
युवा संगम में 21 युवाओं को मिले ऑफर लेटर
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जिला प्रशासन और जिला रोजगार कार्यालय धार द्वारा जनपद पंचायत धरमपुरी में युवा संगम कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में 41 युवक-युवतियों ने पंजीयन कराया। साक्षात्कार प्रक्रिया के बाद चयनित 21 युवाओं को विधायक कालूसिंह ठाकुर और कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने विभिन्न संस्थानों के ऑफर लेटर प्रदान किए।
चयनित युवाओं में एलआईसी धरमपुरी के लिए 9, सागर सीमेंट जीराबाद के लिए 5, ईसार सीआईआई पीथमपुर के लिए 5 और मराल खलघाट के लिए 2 युवाओं का चयन हुआ। इस तरह कुल 21 युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराते हुए ऑफर लेटर दिए गए।
जिला रोजगार अधिकारी सतीश डोडिया ने चयनित युवक-युवतियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल
शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, नगर पालिका/परिषद, कृषि, उद्यानिकी, आयुष, बैंक ऑफ इंडिया, रोजगार कार्यालय, आईटीआई, विद्युत विभाग और जनपद पंचायत सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए।
इन स्टॉल के माध्यम से नागरिकों को शासन की योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। साथ ही प्राप्त आवेदनों और समस्याओं का मौके पर निराकरण किया गया।
कलेक्टर ने प्रमुख संस्थानों का किया औचक निरीक्षण
शिविर के शुभारंभ से पहले कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने धरमपुरी क्षेत्र के प्रमुख संस्थानों का औचक निरीक्षण किया।
उन्होंने निर्माणाधीन पीएम श्री विद्यालय का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित संवेदक से दूरभाष पर चर्चा कर निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद कलेक्टर ने कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास धरमपुरी का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं के आवास, भोजन, सुरक्षा, स्वच्छता और शैक्षणिक सुविधाओं का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने शासकीय महाविद्यालय धरमपुरी का भी निरीक्षण किया। कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व प्रमोद सिंह गुर्जर सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी और आमजन उपस्थित रहे।
रिपोर्टिंग: आनंद अग्निहोत्री




































































































