पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस धार में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत’ प्रतियोगिता।
मेरे सपनों का भारत’ प्रतियोगिता में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा, भाषण में देवांश और चित्रकला में ऋषभ प्रथम
सेवा संकल्प अभियान के तहत पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस धार में जिला स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित
धार, 26 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “मेरे सपनों का भारत” विषय पर जिला स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस महाराजा भोज शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धार में किया गया। जिले के विभिन्न महाविद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया और भाषण एवं चित्रकला के माध्यम से भारत के उज्ज्वल भविष्य की अपनी कल्पना प्रस्तुत की।
भाषण प्रतियोगिता में देवांश प्रजापत प्रथम
भाषण प्रतियोगिता में पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धार के देवांश प्रजापत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, धार की हंसिका सोलंकी ने द्वितीय तथा शासकीय महाविद्यालय, पीथमपुर के सूर्यवंशी ठाकुर ने तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रतिभागियों ने “मेरे सपनों का भारत” विषय पर अपने विचार रखते हुए देश के भविष्य को लेकर अपनी कल्पनाओं और विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
चित्रकला में ऋषभ वर्मा ने हासिल किया पहला स्थान
चित्रकला प्रतियोगिता में शासकीय महाविद्यालय, धरमपुरी के ऋषभ वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शासकीय महाविद्यालय, मनावर की जीविका चौहान द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि पूर्णिमा चौधरी और कोमल राठौर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यार्थियों ने रंगों और रचनात्मकता के माध्यम से अपने सपनों के भारत की तस्वीर प्रस्तुत की।
युवाओं की भूमिका पर दिया जोर
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. प्रभा सोनी ने की। प्रशासनिक अधिकारी डॉ. आयशा खान ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए अतिथियों और प्रतिभागियों का परिचय कराया।
श्रीकांत द्विवेदी ने “मेरे सपनों का भारत” विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने काव्य-पंक्तियों के माध्यम से कार्यक्रम को प्रेरणादायी बनाया।
विद्यार्थियों की रचनात्मकता को सराहा
समापन अवसर पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. प्रभा सोनी ने सभी विजेता और प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता, रचनात्मकता और सकारात्मक सोच भविष्य के भारत की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए अतिथियों, निर्णायकों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने शब्दों और रंगों के माध्यम से अपने सपनों के भारत की कल्पना को जीवंत किया। इस दौरान सेवा, संकल्प, रचनात्मकता और राष्ट्र निर्माण की भावना देखने को मिली। कार्यक्रम के अंत में डॉ. केसर सिंह चौहान ने आभार व्यक्त किया।
रिपोर्टिंग: आनंद अग्निहोत्री




































































































