सेवा संकल्प अभियान 2026 को मिल रही सफलता, 3 और 4 अक्टूबर को सेवा सेतु अभियान के शिविर
धार, 30 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस से प्रारंभ हुए एक माह के सेवा संकल्प अभियान 2026 की गतिविधियों को प्रदेश में अच्छी सफलता मिल रही है। अभियान के तहत पिछले 12 दिनों में अनेक अभिनव कार्य किए गए हैं। अभियान के शेष दिनों में भी रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से अधिक से अधिक नागरिकों को जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रालय में सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली और अधिकारियों को आगामी कार्यक्रमों को जारी रखने के निर्देश दिए। बैठक में उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल सहित मंत्रीगण और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कई मंत्री और जिला स्तर के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।
धार जिले से कलेक्टर राजीव रंजन मीना, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा सहित संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
सेवा सेतु अभियान 3 और 4 अक्टूबर को
बैठक में जानकारी दी गई कि प्रदेश में 3 और 4 अक्टूबर को सेवा सेतु अभियान आयोजित किया जाएगा। 3 अक्टूबर को ग्रामीण क्षेत्रों और 4 अक्टूबर को नगरीय क्षेत्रों में शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
3 अक्टूबर को साप्ताहिक जन विश्वास अभियान को भी सेवा सेतु अभियान से जोड़ा जाएगा।
सेवा के रंग-राष्ट्र के संग
प्रदेश के इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, झाबुआ और आलीराजपुर जिलों में निर्धारित थीम पर मानव रंगोली की परिकल्पना की गई है।
सेवा फर्स्ट नवाचार चुनौती के अंतर्गत विद्यार्थी, उद्यमी, शिक्षक और अधिकारी विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। इसके लिए कुल 16 फोकस सेक्टर चिन्हित किए गए हैं।
सेवा ज्योति कलश यात्रा 7 अक्टूबर को निकाली जाएगी। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में हितलाभ वितरण के साथ विकसित भारत और सेवा के संकल्प से जुड़े आयोजन होंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 अक्टूबर को वर्चुअल संबोधन देंगे।
आशीर्वाद का दीया से अभियान की शानदार शुरुआत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितंबर को सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत हुई थी। इसके अंतर्गत प्रदेश में 3 करोड़ 87 लाख 80 हजार 463 दीये जलाए गए। इसमें कुल 2 करोड़ 64 लाख 85 हजार 60 नागरिकों ने सहभागिता की।
उज्जैन में दीपक जलाने का विश्व कीर्तिमान बनाया गया। यहां 33 लाख 27 हजार 125 दीये जलाए गए। इस गतिविधि में जनसंपर्क, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, राजस्व और स्वास्थ्य विभाग ने दायित्व संभाला।
मेरे सपनों का भारत प्रतियोगिता
19 सितंबर से 26 सितंबर के बीच प्रदेश में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में 27 लाख 28 हजार 668 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में 12 लाख 37 हजार 810 प्रतिभागियों ने भागीदारी की।
नमो सेवा गतिविधि
प्रदेश में 19 सितंबर से शुरू नमो सेवा गतिविधि के अंतर्गत 5 अक्टूबर तक सांस्कृतिक दलों द्वारा नुक्कड़ टोलियों के माध्यम से प्रस्तुतियां दी जा रही हैं।
अब तक 3033 कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 5208 कलाकारों ने हिस्सा लिया है। संबंधित जिला प्रशासन के साथ जनसंपर्क विभाग द्वारा भी इस गतिविधि का दायित्व निभाया जा रहा है।
आंगन मिलन सेवा
प्रदेश में आंगन मिलन सेवा के अंतर्गत 26 सितंबर से गतिविधियां शुरू हुई हैं, जो 5 अक्टूबर तक चलेंगी। आंगनवाड़ियों में अब तक 24 लाख 28 हजार 116 महिलाओं और बच्चों ने कार्यक्रम में भागीदारी की है।
इस दौरान कुल 1 लाख 35 हजार 110 बहनों का सम्मान भी किया गया है।
सेवा की कहानी
प्रदेश में सेवा की कहानी के अंतर्गत कुल 5 लाख 25 हजार 54 प्रेरक कहानियां प्राप्त हुई हैं। इस प्रकल्प के तहत 17 सितंबर से शुरू गतिविधियां 17 अक्टूबर तक एक माह की अवधि में संचालित की जा रही हैं।
वड़नगर से वाराणसी सेवा यात्रा
वड़नगर से वाराणसी सेवा यात्रा की शुरुआत 17 सितंबर से हुई है। अब तक 1706 नगरों और कस्बों में कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, जिनमें 6 लाख 48 हजार 520 नागरिकों ने सहभागिता की है।
यह गतिविधियां 7 अक्टूबर तक संचालित की जाएंगी।
सेवा मेरा योगदान
प्रदेश में 10 गतिविधियों पर केंद्रित सेवा मेरा योगदान का संचालन 2 से 10 अक्टूबर तक किया जाएगा। इसके अंतर्गत स्वच्छता, स्वास्थ्य शिविर, वृद्धाश्रमों और अनाथालयों में सेवा कार्य किए जाएंगे।
दिव्यांगजन कल्याण और विद्यार्थी कल्याण से जुड़ी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
विकसित भारत संकल्प यात्रा
प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह की अवधि में विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत अन्य राज्यों के प्रतिनिधि और प्रभावशाली व्यक्ति प्रदेश भ्रमण पर आ रहे हैं।
इन गतिविधियों का पर्यवेक्षण और निर्देशन राज्य स्तर पर किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अभियान के आगामी कार्यक्रमों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।




































































































