बाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फ्यूजन फाइनेंस एजेंटों से लूट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
बाग (धार), 30 सितंबर 2026। फ्यूजन फाइनेंस एजेंटों से लूट के मामले में बाग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पल्सर मोटरसाइकिल, घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और नकदी जब्त की है। जब्त मशरूके की कुल कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।
कच्चे रास्ते पर एजेंटों से की गई थी लूट
पुलिस के अनुसार 10 सितंबर 2026 को फरियादी चेतन ठाकुर पिता भेरूसिंह, निवासी आष्टा, जिला सीहोर, हाल मनावर ने थाना बाग में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
फरियादी ने बताया कि वह अपने साथी महेन्द्र मेवाड़ा के साथ मोटरसाइकिल से लॉन्गसरी खारपूरा गया था। डेहरी से वापस आते समय खारपूरा-लॉन्गसरी में शिव मंदिर के पीछे दोपहर करीब 1:35 बजे कलेक्शन करने के बाद दोनों वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान कच्चे रास्ते में एक मोटरसाइकिल पर दो बदमाश पहले से आगे खड़े थे। वहीं एक अन्य मोटरसाइकिल से दो बदमाश पीछे से आए। बदमाशों ने फरियादी और उसके साथी की मोटरसाइकिल को लात मारकर गिरा दिया और उनके पास से कलेक्शन की राशि, मोटरसाइकिल तथा दोनों के मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना बाग में अपराध क्रमांक 297/2026, धारा 309(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस टीम ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा ने लूट और डकैती की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर एवं एसडीओपी कुक्षी राजीव अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बाग हिरुसिंह रावत द्वारा आरोपियों की धरपकड़ के लिए चौकी प्रभारी डेहरी उपनिरीक्षक नवलसिंह बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम द्वारा अज्ञात आरोपियों की तलाश के दौरान 28 सितंबर 2026 को परविंद उर्फ प्रवीण पिता धन सिंह जमरा, उम्र 25 वर्ष, निवासी खोजकुआं, थाना गंधवानी, जिला धार और गोरेलाल पिता गणपत डोडवे, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम सातउमरी, थाना गंधवानी, जिला धार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल और नकदी बरामद की गई है।
1 लाख 80 हजार रुपये का मशरूका जब्त
पुलिस ने आरोपियों से लूटी गई एक पल्सर मोटरसाइकिल, घटना में प्रयुक्त एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और नकदी जब्त की है। जब्त मशरूके की कुल कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।
मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस रिमांड लेकर पूछताछ जारी
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय कुक्षी में पेश किया गया। इसके बाद पुलिस रिमांड लेकर दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा मामले में अन्य आरोपियों और घटना से जुड़े तथ्यों के संबंध में जांच जारी है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी बाग हिरुसिंह रावत, उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी डेहरी नवलसिंह बघेल, सहायक उपनिरीक्षक गोरेलाल शुक्ला, साइबर सेल प्रभारी भूपेन्द्र खरतिया, आरक्षक प्रशान्त चौहान, प्रधान आरक्षक भावसिंह रावत, रेलमसिंह भिंड, कैलाश गेहलोत, आरक्षक राजू, मुकेश, दुर्गेश, रविन्द्र, प्रीतम, सुनील और ओमप्रकाश का विशेष योगदान रहा।




































































































