बदनावर के राणा पूंजा भील बस स्टैंड पर सेवा संकल्प अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया।
बदनावर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार शाम पेटलावद रोड स्थित राणा पूंजा भील बस स्टैंड पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। नगर मंडल के तत्वावधान में हुई इस प्रस्तुति में कलाकारों ने अभिनय, संवाद और संगीत के माध्यम से नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन की यात्रा को प्रस्तुत किया।
नुक्कड़ नाटक में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के कार्यकाल से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक के सफर से जुड़े प्रसंगों को मंचित किया गया। इसके साथ ही सेवा कार्यों, सुशासन और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी भी प्रस्तुति के माध्यम से दी गई।
नुक्कड़ नाटक में योजनाओं की जानकारी
कलाकारों ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े विषयों को नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के तरीकों की जानकारी भी दी गई।
प्रस्तुति में सेवा, समर्पण, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों को संवाद और संगीत के माध्यम से सामने रखा गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत इस तरह के नुक्कड़ नाटकों के जरिए मोदी के सार्वजनिक जीवन की यात्रा और योजनाओं से जुड़े संदेश लोगों तक पहुंचाने के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में सेवा संकल्प अभियान के जिला संयोजक मनोज सोमानी, पूर्व राज्यमंत्री राजेश अग्रवाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रेमचंद परमार, नगर परिषद अध्यक्ष मीना शेखर यादव, ओबीसी मोर्चा प्रदेश महामंत्री नरेंद्र राठौड़, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष अक्षय शर्मा, नाट्य कला प्रस्तुति अभियान के जिला सह संयोजक देवेंद्र मोदी, ओबीसी मोर्चा जिला महामंत्री पंकज जायसवाल, महिला मोर्चा जिला महामंत्री सीमा रावल, पार्षद अनिता चौहान, सुखराम देवदा और भारती राठौड़ सहित अन्य मौजूद रहे।
नगर मंडल अध्यक्ष मनीष गुर्जर ने स्वागत भाषण दिया। नगर परिषद उपाध्यक्ष एवं अभियान प्रभारी राजेंद्रसिंह पंवार बापू, मंडल महामंत्री संतोष राव, सुनील परमार और राहुल जैन सहित कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का स्वागत किया।
नुक्कड़ नाटक देखने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला सह मीडिया प्रभारी मनोज सोलंकी ने किया, जबकि आभार नगर परिषद उपाध्यक्ष राजेंद्रसिंह पंवार बापू ने माना।
छह मंडलों में होंगे नुक्कड़ नाटक
सेवा संकल्प अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्र के सभी छह मंडलों में नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जा रहा है। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और अभियान से जुड़े संदेशों को लोगों तक पहुंचाने की पहल की जा रही है।
रिपोर्टिंग: आनंद अग्निहोत्री




































































































