धार-महू रेल सेवा का सपना जल्द होगा साकार: पीथमपुर की टीही टनल में रेलवे टावर वैगन का सफल परीक्षण पूरा, केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने जताई खुशी
धार-महू रेल सेवा का सपना जल्द होगा साकार: पीथमपुर की टीही टनल में पूरा हुआ टावर वैगन का सफल परीक्षण, केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने जताई खुशी
धार/महू (मध्य प्रदेश): धार-महू लोकसभा क्षेत्र के रहवासियों का वर्षों पुराना रेल सेवा का सपना अब बहुत जल्द धरातल पर उतरने जा रहा है। इंदौर से धार के बीच रेल परिचालन शुरू करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए पीथमपुर की लगभग तीन किलोमीटर लंबी टीही टनल में रेलवे टावर वैगन का सफल परीक्षण पूरा कर लिया गया है। इस बड़ी उपलब्धि के बाद क्षेत्र में जल्द ही ट्रेन संचालन शुरू होने की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।
🚂 आजादी के बाद पहली बार इंदौर से धार के बीच जुड़ेगी रेल लाइन
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री तथा धार-महू सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर अत्यधिक प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद यह पहला अवसर है जब इंदौर से धार के बीच रेल परिचालन आरंभ होने की प्रबल संभावना बनी है। इससे क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही रेल सुविधा की आकांक्षा पूरी होगी।
केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि यह रेल सेवा केवल आवागमन का साधन मात्र नहीं होगी, बल्कि यह क्षेत्र में विकास, व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसरों का बड़ा माध्यम बनेगी। इस ट्रेन के शुरू होने से यात्रियों को सफर में सुगमता मिलने के साथ-साथ धार जिले की आर्थिक गतिविधियों को तीव्र गति मिलेगी, जिसका सीधा लाभ विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और आम नागरिकों को प्राप्त होगा।
🛠️ प्रधानमंत्री मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का जताया आभार
इस सफलता पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व की सराहना करते हुए सांसद सावित्री ठाकुर ने कहा कि देश भर में आधुनिक रेल अवसंरचना के विस्तार के साथ-साथ मध्यप्रदेश के दूरस्थ और आदिवासी बहुल क्षेत्रों में रेल सुविधाओं का विकास प्रगति के नए द्वार खोल रहा है।
उन्होंने रेलवे के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के अथक प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा की है। साथ ही पूर्ण विश्वास जताया है कि शेष सभी आवश्यक तकनीकी प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण होने पर धारवासियों का वर्षों पुराना रेल का सपना साकार होगा और यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र को प्रगति की एक नई दिशा प्रदान करेगी।




Post Comment