धार पुलिस का ऐतिहासिक एक्शन: ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत 25 करोड़ रुपए का 67 क्विंटल अवैध गांजा जप्त, 4 आरोपी गिरफ्तार
धार पुलिस का ऐतिहासिक एक्शन: ऑपरेशन 'प्रहार' के तहत 25 करोड़ रुपए का 67 क्विंटल अवैध गांजा जप्त, ड्रोन की मदद से हुआ खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार
धार (मध्य प्रदेश): धार जिले में अवैध मादक पदार्थों और नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने मनावर और बाग क्षेत्र में ड्रोन सर्विलांस की मदद से अवैध गांजे की विशाल खेती का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने लगभग 25 करोड़ रुपए की कीमत के 67 क्विंटल (6,700 किलोग्राम) अवैध गांजे के पौधे जप्त कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
🚁 ड्रोन सर्विलांस से हुआ दुर्गम पहाड़ी इलाकों में अवैध खेती का खुलासा
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विजय डावर ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि धार जिले का दक्षिणी हिस्सा—विशेषकर मनावर, मांडव, गंधवानी, बाग और टांडा—पहाड़ी और बेहद दुर्गम इलाका है। इन भौगोलिक कठिनाइयों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के नेतृत्व में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया।
मनावर और धामनोद एसडीओपी के मार्गदर्शन में पुलिस ने ड्रोन के माध्यम से पूरे एरिया का एरियल सर्विलांस (Aerial Surveillance) कराया। ड्रोन कैमरों की तस्वीरों से यह खुलासा हुआ कि जंगलों और खेतों के बीच अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही है।
🌽 कपास, मक्का और तुअर की आड़ में उगाया जा रहा था करोड़ों का गांजा
पुलिस की पिछले 48 घंटों से लगातार सर्चिंग और कार्रवाई जारी है। एएसपी विजय डावर ने बताया कि शातिर तस्करों ने मक्का, कपास और तुअर की बड़ी-बड़ी एवं घनी फसलों के बीच पूरी तरह से हाइड (छिपाकर) गांजे के पौधे उगा रखे थे, ताकि किसी की नजर न पड़े।
मनावर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई: पिछले दो दिनों से जारी इस ऑपरेशन के तहत अकेले मनावर क्षेत्र में लगभग 67 क्विंटल (6,700 किलोग्राम) अवैध मादक पदार्थ (गांजे के पौधे) जप्त किए गए हैं, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 25 करोड़ रुपए है। इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
डेहरी चौकी (बाग) में भी कार्रवाई: इसके अलावा, आज थाना बाग के अंतर्गत डेहरी चौकी क्षेत्र में भी पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई करते हुए लगभग 4 करोड़ रुपए का अवैध गांजा जप्त किया है।
⚖️ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, आगे भी जारी रहेगा प्रहार
धार पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है कि इस अवैध नेटवर्क के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार और खेती को पूरी तरह नेस्तनाबूद करने के लिए ‘ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत यह ताबड़तोड़ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।




Post Comment