मालीपुरा में सेवा पखवाड़े के समापन पर स्वच्छता अभियान में शामिल विद्यार्थी और शिक्षक।
मालीपुरा में मेरा युवा भारत के स्वच्छता अभियान में विद्यार्थी और शिक्षक
मेरा युवा भारत ने स्वच्छता अभियान और ग्राम सभा में ‘रिफॉर्म उत्सव’ के साथ सेवा पखवाड़ा मनाया
ग्रामवासियों और विद्यार्थियों ने स्वच्छता एवं सेवा का लिया संकल्प
धार, 2 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर मेरा युवा भारत (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में शासकीय माध्यमिक विद्यालय पटेल अवार मालीपुरा और ग्राम पंचायत मालीपुरा में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता, सेवा और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम मेरा युवा भारत की जिला युवा अधिकारी दीर्घा राजावत के मार्गदर्शन में आयोजित किए गए।
ग्राम पंचायत में ग्राम सभा और रिफॉर्म उत्सव
ग्राम पंचायत मालीपुरा में विशेष ग्राम सभा का आयोजन कर ‘रिफॉर्म उत्सव’ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरपंच नानूराम सिंगारे और सचिव कैलाश चौहान ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर मेरा युवा भारत के बैनर तले युवाओं और ग्रामीणों ने गांधीजी के आदर्शों पर चलने तथा स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।
सरपंच और सचिव ने ग्राम पंचायत में संचालित हितग्राहीमूलक योजनाओं, स्वच्छता अभियान और विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी ग्रामीणों को दी। कार्यक्रम में ब्लॉक वालंटियर पूनम चंद्र कटारे ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान में लिया हिस्सा
सेवा पखवाड़े के समापन अवसर पर शासकीय माध्यमिक विद्यालय पटेल अवार मालीपुरा में विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। ब्लॉक वालंटियर पूनम चंद्र कटारे के नेतृत्व में हुए अभियान में विद्यालय के प्राचार्य उदेराम गिरवाल सहित शिक्षक और विद्यार्थी शामिल हुए।
प्राचार्य एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व और सेवा भाव के प्रति जागरूक किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक विद्यालय परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और ग्रामीणों को स्वच्छ, स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाने का संदेश दिया गया।




































































































