धार में 250 युवा आपदा मित्रों का प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
धार, 06 सितंबर 2026। मध्यप्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं मुख्यालय के निर्देशानुसार धार जिले में आयोजित प्रथम युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम का रविवार को समापन हुआ। प्रशिक्षण के अंतिम दिवस जिले के 250 युवा आपदा मित्रों को अग्नि सुरक्षा एवं बचाव कार्य का प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट श्री आर.पी. मीना ने गैस सिलेंडर में लगी आग को सुरक्षित तरीके से बुझाने की विधि का प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया। वहीं इप्का कंपनी, पीथमपुर के अग्नि सुरक्षा अभियंता श्री मितेश पिपलोदिया ने आग के विभिन्न प्रकार, अग्नि त्रिकोण, अग्निशामक यंत्रों के उपयोग, आवश्यक सावधानियों तथा बचाव कार्य के मूलभूत सिद्धांतों की जानकारी दी।
आपदा के समय तत्परता और सावधानी का दिया संदेश
समापन समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विजय डावर ने युवा आपदा मित्रों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने आपदा के समय तत्परता, संयम एवं सावधानी के साथ कार्य करने के लिए प्रशिक्षणार्थियों को प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों को आपदा प्रबंधन किट वितरित की गई तथा मुख्य अतिथि को स्मृति-चिह्न भेंट किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान युवा आपदा मित्रों ने आपदा प्रबंधन, अग्नि सुरक्षा एवं बचाव कार्य से संबंधित महत्वपूर्ण व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षण में सक्रिय सहभागिता के लिए सभी प्रशिक्षणार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
स्थान: धार, मध्यप्रदेश
दिनांक: 06 सितंबर 2026
श्रेणी: धार | मध्यप्रदेश




































































































