बाकानेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ग्राम वायल में पानी की मोटर चोरी का पर्दाफाश; 3 आरोपी गिरफ्तार, ₹55,000 की मोटरें जब्त
मनावर/बाकानेर (जिला धार): धार पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा के निर्देशन में जिलेभर में संपत्ति संबंधी अपराधों एवं चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बाकानेर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना मनावर अंतर्गत बाकानेर पुलिस चौकी टीम ने ग्राम वायल में हुई पानी की मोटर चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए 3 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया गया है।
घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी, ₹55,000 का मशरूका बरामद
सघन पूछताछ के दौरान आरोपियों ने ग्राम वायल से पानी की मोटरें चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दो विद्युत पानी के मोटर पंप (कीमत करीब ₹55,000/-) बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 711/2026 एवं 712/2026, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
सूरज पिता रायलु (उम्र 20 वर्ष), निवासी भाटी खोदरा, थाना अमझेरा, जिला धार।
कालू पिता भूर सिंह भूरिया (उम्र 22 वर्ष), निवासी ग्राम भाटी खोदरा, थाना अमझेरा, जिला धार।
अर्जुन पिता छोटू अमलियार (उम्र 20 वर्ष), निवासी ग्राम भाटी खोदरा, थाना अमझेरा, जिला धार।
एक विधि विरुद्ध बालक (कानूनी प्रावधानों के तहत पहचान गोपनीय रखी गई है)।
पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों से क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।




































































































