बदनावर के पिटगारा चौराहे पर सड़क हादसे के बाद लगा जाम
बदनावर के पिटगारा चौराहे पर भीषण सड़क हादसा, तीन की मौत, बच्ची घायल
बदनावर। बदनावर के महू-नीमच फोरलेन स्थित पिटगारा चौराहे पर शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को चपेट में ले लिया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची घायल बताई जा रही है।
घायल बच्ची को बदनावर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर फोरलेन जाम कर दिया। करीब एक घंटे से जाम जारी बताया जा रहा है। इसके चलते रतलाम-इंदौर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।
पुलिस मौके पर पहुंची
हादसे की सूचना मिलते ही बदनावर थाना प्रभारी अमित कुशवाह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस द्वारा ग्रामीणों से चर्चा कर जाम खुलवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल हादसे के कारण मार्ग पर यातायात प्रभावित है।




































































































