धार के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-01 में आयोजित जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता।
सेवा संकल्प अभियान: धार में जिला स्तरीय चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता, 336 विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर
39 विद्यार्थियों ने भाषण प्रतियोगिता में रखे विचार, विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र, शील्ड और पुरस्कार देकर किया सम्मानित
धार, 26 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत शिक्षा विभाग एवं जनजातीय कार्य विभाग धार के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-01, धार में जिला स्तरीय चित्रकला प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के सभी 13 विकासखंडों से विद्यार्थियों ने भाग लिया।
जिला स्तरीय आयोजन में कुल 336 विद्यार्थियों ने चित्रकला प्रदर्शनी में अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने कैनवास पर चित्रों के माध्यम से स्वर्णिम भारत की परिकल्पना को प्रस्तुत किया।
वहीं, विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर चयनित 39 विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में भाग लिया। विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
विद्यार्थियों ने रखे सामाजिक सरोकार से जुड़े विचार
भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने शिक्षा का महत्व, सामाजिक सरोकार, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य चेतना, डिजिटल जागरूकता और विकसित भारत की संकल्पना जैसे विषयों पर विचार रखे।
विद्यार्थियों के प्रस्तुतिकरण में वैचारिक समझ और अभिव्यक्ति कौशल देखने को मिला। प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थियों ने अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए।
सावित्री ठाकुर ने विकसित भारत की संकल्पना पर की चर्चा
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने सेवा संकल्प अभियान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से विकसित भारत की संकल्पना समझाई।
उन्होंने कहा कि देश को समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने में जागरूक नागरिक के रूप में प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने चित्रकला और भाषण के माध्यम से विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विकसित भारत की परिकल्पना की सराहना की।
नीना वर्मा ने विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि धार विधायक नीना वर्मा ने विद्यार्थियों के प्रस्तुतिकरण की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया।
विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्होंने विद्यार्थी जीवन में आत्मविश्वास के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास किसी भी मंच या प्रदर्शन का मुख्य आधार होता है, जिससे प्रस्तुतिकरण प्रभावी और सशक्त बनता है।
विजेता विद्यार्थियों को किया सम्मानित
समापन समारोह में प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र, शील्ड एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।
अतिथियों ने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। जिला शिक्षा अधिकारी धार पुष्पेंद्र सिंह सस्तिया ने स्वागत भाषण दिया।
उन्होंने सेवा संकल्प अभियान 2026 के उद्देश्यों, इसकी उपयोगिता और जिले में अभियान के क्रियान्वयन की जानकारी दी। साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों की सराहना की।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग पारुल जैन ने उपस्थित अतिथियों, निर्णायकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक, समग्र शिक्षा अभियान जादूसिंह परमार, जिला परियोजना समन्वयक, जिला शिक्षा केंद्र अभिषेक यादव और सहायक संचालक, जनजातीय कार्य विभाग आनंद पाठक सहित शिक्षकों, निर्णायकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और अभिभावकों का धन्यवाद किया।
यह आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देने के साथ रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति कौशल और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर केंद्रित रहा।
रिपोर्टिंग: आनंद अग्निहोत्री




































































































