बदनावर में उल्लास के साथ निकली भव्य चुनरी यात्रा; 'जिम्मी बना' के नेतृत्व में एकवीरा माता को अर्पित की 551 फीट लंबी चुनरी
बदनावर/धार (मध्य प्रदेश): शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर बदनावर नगर में मंगलवार को अपार श्रद्धा और उत्साह के साथ विशाल चुनरी यात्रा का आयोजन किया गया। युवा सामाजिक कार्यकर्ता जयदीप सिंह पंवार ‘जिम्मी बना’ के नेतृत्व में लगातार पांचवें वर्ष निकाली गई इस चुनरी यात्रा में हज़ारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
🚩 बैजनाथ महादेव मंदिर से शुरू होकर एकवीरा माता मंदिर पहुँची यात्रा
यह भव्य चुनरी यात्रा नगर के प्राचीन बैजनाथ महादेव मंदिर से विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चन के साथ प्रारंभ हुई। नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए यात्रा एकवीरा माता मंदिर पहुँची, जहाँ श्रद्धालुओं ने माता रानी को 551 फीट लंबी चुनरी अर्पित की। पूरी यात्रा के दौरान नगर “जय माता दी” के जयकारों से गुंजायमान रहा।
🥁 आनंदीलाल भायल के भजनों और लोकनृत्य ने बाँधा समाँ
यात्रा में बैंड-बाजे, डीजे, भगवा ध्वज, नृत्य दल और गरबा ग्रुप मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। प्रसिद्ध आदिवासी लोक कलाकार आनंदीलाल भायल ने एक से बढ़कर एक भक्ति भजनों और लोकगीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं।
इसके साथ ही आदिवासी लोक नृत्य दल और गरबा कलाकारों की प्रस्तुतियों ने मार्ग में उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। नगर में स्थान-स्थान पर मंच लगाकर पुष्प वर्षा के साथ चुनरी यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।




































































































