धरमपुरी पुलिस की बड़ी सफलता: मकान की खिड़की तोड़कर लाखों की चोरी करने वाले 3 शातिर आरोपी गिरफ्तार; ₹2 लाख का मशरूका जब्त
धरमपुरी/धार (मध्य प्रदेश): धार पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने एवं चोरी की वारदातों के त्वरित खुलासे हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धरमपुरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) श्री विजय डावर एवं प्रभारी एसडीओपी मनावर श्री प्रदीप वाल्टर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सरदारसिंह सोलंकी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने बंद मकान में हुई नकबजनी का पर्दाफाश करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
🚪 इंदौर इलाज कराने गए परिवार के पीछे बंद मकान को बनाया था निशाना
घटना 08 अक्टूबर 2026 की है, जब फरियादी सोहेल पिता मकबूल खान (निवासी मक्का मोहल्ला, धरमपुरी) अपने परिवार के साथ पिता का इलाज कराने इंदौर गए हुए थे। जब वे देर रात करीब 11 बजे घर लौटे तो देखा कि मकान की खिड़की टूटी हुई थी और अलमारी का लॉक तोड़कर अज्ञात बदमाश सोने-चांदी के आभूषण व नगदी पार कर चुके थे।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना धरमपुरी में अपराध क्रमांक 335/2026, धारा 305(ए) एवं 331(4) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
💰 ₹90,000 नगद व आभूषण बरामद, कुल ₹2 लाख का माल जब्त
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने मुस्तैदी से सुराग जुटाते हुए संदेह के आधार पर दबिश दी और चोरी के मामले में संलिप्त 3 आरोपियों को धर दबोचा। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण एवं ₹90,000/- नगद बरामद किए गए। जब्त किए गए कुल मशरूके की अनुमानित कीमत ₹2,00,000/- (दो लाख रुपये) बताई गई है।
👤 गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
ताहिर उर्फ लालु पिता सलामत खान (उम्र 23 वर्ष), निवासी मक्का मोहल्ला, धरमपुरी।
आवेश उर्फ राजा पिता बब्बु खान (उम्र 20 वर्ष), निवासी पुनर्वास, धरमपुरी।
फैजान उर्फ फैजु पिता समीर खान (उम्र 22 वर्ष), निवासी ग्रीन पार्क कॉलोनी, चंदन नगर, इंदौर (हाल मुकाम सिंधी मोहल्ला, मक्का कॉलोनी, धरमपुरी)।
👏 पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सरदारसिंह सोलंकी, उप निरीक्षक रवि वास्के, सहायक उप निरीक्षक रजाक खान, सहायक उप निरीक्षक दिनेश सिसोदिया, प्रधान आरक्षक वेस्ता सोलिया, आरक्षक लक्ष्मण, अजय तवर, सोनु, पंकज परमार एवं संजेश की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।




































































































