धार में 6 लाख से अधिक दीये जलाकर लिया सेवा का संकल्प
धार, 17 सितम्बर 2026। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर देशभर में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ आयोजित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के माध्यम से सेवा, जनकल्याण और सामाजिक सरोकार से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अभियान के सफल एवं गरिमामय आयोजन के लिए कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में 17 सितम्बर को जिले में विभिन्न गतिविधियों के साथ ‘सेवा संकल्प दिवस’ के रूप में मनाया गया।
जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर 6 लाख से अधिक दीये जलाकर सेवा और जनकल्याण के प्रति संकल्प व्यक्त किया गया।
किला मैदान में 2 लाख दीयों से साकार हुआ ‘भारत’ और ‘सेवा संकल्प’
जिला मुख्यालय धार में नगर पालिका परिषद धार द्वारा किला मैदान में शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री महिला एवं बाल विकास विभाग सावित्री ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम में विधायक नीना वर्मा, कलेक्टर राजीव रंजन मीना, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, संस्थाओं के प्रतिनिधि, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
किला मैदान में 2 लाख दीये जलाए गए। इन दीयों से ‘भारत’ एवं ‘सेवा संकल्प’ की भव्य आकृति साकार की गई। दीपों से जगमगाता किला मैदान कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा और यहां सेवा, समर्पण तथा राष्ट्रभावना का संदेश दिखाई दिया।
उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन ने दीये जलाकर सेवा का संकल्प लिया।
सेवा और समर्पण के भाव के साथ मनाया जा रहा अभियान
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा और समर्पण के भाव के साथ मनाया जा रहा है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ समाज के प्रत्येक वर्ग तक जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाने तथा जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
सावित्री ठाकुर ने कहा कि सेवा केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था का दायित्व नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से सेवा की भावना को व्यापक बनाया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से अभियान के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने और जरूरतमंदों की सहायता के साथ समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
दीपों की रोशनी के बीच आकर्षण का केंद्र रहा किला मैदान
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। किला मैदान में दीपों की रोशनी के बीच ‘भारत’ और ‘सेवा संकल्प’ की आकृति ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की गई।
17 अक्टूबर तक जारी रहेंगी सेवा और जनकल्याण की गतिविधियां
‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के अंतर्गत आगामी 17 अक्टूबर तक जिले में विभिन्न विभागों द्वारा सेवा, जनकल्याण, सामाजिक सहभागिता एवं जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।




































































































